छठव्रतियों की सुविधा के लिए चास गरगा नदी पर सूर्या चौक के पास बनाया गया बांस का अस्थायी पुल शुक्रवार को उस समय अचानक टूट गया जब छठव्रती गुजर रहे थे। इससे भगदड़ मच गयी। पुल पार कर रहे कई श्रद्धालु नदी में गिरकर चोटिल हुए। सामाजिक संगठन के लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
कई को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी जबकि यदुवंश नगर निवासी राजू कुमार सिंह की पत्नी के पैर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्त्ती कराया गया। पुल टूटने के पश्चात नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने तत्परता दिखाते हुए डीएपपी बी. कुल्लू, नगर पर्षद उपाध्यक्ष अब्दुल वाहिद खान, चास थाना प्रभारी नरेश सहाय, झामुमो नेता आलोक सिंह के सहयोग से न केवल घायल लोगों की सहायता की बल्कि टूटे पुल की मरम्मत भी करायी। बता दें कि पिछले वर्ष भी दो-तीन अस्थायी पुल गिर गए थे।