शिक्षा, खेल व सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन लोगों को दिया जाएगा सिंहभूम गौरव सम्मान
वैश्विक महामारी कोरोना में उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच लोगों को मिलेगा कोरोना वारियर्स सम्मान
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर: स्वर्गीय बजरंग लाल भगेरिया की स्मृति में भगेरिया फाउंडेशन का 11वां रक्तदान शिविर 14 नवंबर को नगर के गुरुद्वारा परिसर में आयोजित होगा। इस दौरान कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार की शाम अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए फाउंडेशन के अध्यक्ष बिनोद भगेरिया और मनोज भगेरिया ने बताया कि पूर्व की भांति इस साल भी शिक्षा, खेल व सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन लोगों को सिंहभूम गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा वैश्विक महामारी कोरोना में उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न क्षेत्र के पांच लोगों को कोरोना वारियर्स सम्मान प्रदान किया जाएगा। रक्तदान जागरुकता अभियान के तहत 14 नवंबर की सुबह आठ बजे प्रभात मार्च निकाला जाएगा। प्रभात मार्च पोड़ाहाट स्टेडियम से गुरुद्वारा परिसर तक आएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, रेल अधिकारी व पद्मश्री छूटनी महतो, पद्मश्री शशधर आचार्य, अंतरराष्ट्रीय वेट लिफ्टर सुजाता भगत, अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रशिक्षक हसन इमाम मलिक आदि भाग लेंगे। बिनाेद भगेरिया ने शहरवासियों से प्रभात मार्च में भाग लेने एवं शिविर में बड़ी संख्या में पहुंच रक्तदान करने की अपील की है।