रामगढ़ से वली उल्लाह की रिपोर्ट
रामगढ़: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक ममता देवी वन प्रमंडल रामगढ़ द्वारा आयोजित 72वां वन महोत्सव सह वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की।
विधायक ममता देवी ने कहा कि वन प्रमंडल रामगढ़ के द्वारा वन महोत्सव वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत रामगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बिजुलिया तालाब में 400 पौधा लगाया गया है। पहले भी तालाब का सुंदरीकरण कार्य कराया गया है। आने वाले समय में इस तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। ताकि आमजन यहां पहुंचकर अपना बहुमूल्य समय सुकून से बिता सकें।
उन्होंने कहा कि जीवन बचाने के लिए पेड़ लगाना अति आवश्यक है। इसलिए सभी लोग अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें ताकि पर्यावरण संरक्षण में सबकी भूमिका सुनिश्चित हो सके। पौधे लगाने से जहां पर्यावरण संरक्षित होता है, वहीं लोगों को शुद्ध आक्सीजन भी मिलता है। इसलिए हमें समय-समय पर पौधे रोपित कर उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।
ममता देवी ने कहा कि पेड़-पौधे जहां हमारी प्रकृति को हरा भरा बनाते हैं, वहीं वातावरण को भी शुद्ध बनाए रखते हैं। अगर पेड़-पौधे नहीं रहेंगे तो पृथ्वी में असंतुलन बढ़ जाएगा। पेड़ हमारे जीवन में संजीवनी के समान है। पेड़ नहीं रहेगा तो हम सब व्यक्ति भी चैन से नहीं रह सकते हैं। पेड़-पौधे हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हम स्वयं को वनों से अलग नहीं कर सकते। पेड़ों से छाया, फल, औषधि, लकड़ी मिलती हैं, वहीं वे ग्लोबल वार्मिंग को रोकने व प्रदूषण को कम करने के लिए सबसे अच्छा उपाय प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर एसपी प्रभात कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी बीपी कंपोज, सदर एसडीओ कृति श्री, छावनी परिषद सीईओ, उप विकास आयुक्त, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, विधायक प्रतिनिधि मुकेश यादव,पंकज प्रसाद तिवारी, गौरी शंकर महतो समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।