– नीरज ने किया मिल्खा सिंह का सपना पूरा: डीएसओ
– नेटबॉल के खिलाड़ियों ने खुशी में की पटाखेबाजी
अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: टोक्यो ओलंपिक में भारत को पहला स्वर्ण पदक मिलने पर चहुंओर खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों से लेकर जनसामान्य तक में काफी उत्साह परिलक्षित हो रहा है। सोशल मीडिया पर नीरज चोपड़ा को बधाइयों का तांता लगा हुआ है। नेटबॉल के खिलाड़ियों ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया।
जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा है कि नीरज चोपड़ा ने जैबलिन थ्रो का गोल्ड लेकर न सिर्फ समस्त देशवासियों को गौरवान्वित किया और 1900 ईस्वी के बाद से एथलेटिक्स का सूखा समाप्त किया, बल्कि उड़न सिख स्वर्गीय मिल्खा सिंह के सपने को पूरा करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर हॉकी गोड्डा एवं जिला कुश्ती संघ सचिव सुरजीत झा ने अपनी प्रसन्नता का इजहार करते हुए कहा कि शनिवार का दिन देश के लिए बहुत शुभ रहा। नीरज चोपड़ा ने जहां स्वर्णिम प्रदर्शन किया, वहीं कुश्ती में बजरंग पुनिया ने कांस्य के रूप में एक और पदक देश की झोली में डाला। पुनिया ने पदक की संख्या के मामले में ओलम्पिक में हॉकी एवं कुश्ती का दबदबा कायम रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला नेटबॉल एसोसिएशन ने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक में शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। भारत के लिए बहुत गर्व की बात है कि देश को पहला गोल्ड मेडल नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में दिया। इस खुशी के मौके पर गोड्डा जिला नेटबॉल संघ की ओर से मिठाई खिलाकर एवं पटाखे फोड़ कर खुशी जाहिर की गई। मौके पर संघ के सचिव गुंजन कुमार झा, अजय कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गांधी, राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनालिसा कुमारी, सचिन कुमार झा, आयुषी कुमारी, नीलम कुमारी, कुमारी शिवानी, कुमारी जूली, कुमारी तनु, कुमारी सपना, कुमारी पूजा, ब्यूटी, मुस्कान, कावेरी, तुलसी, सृष्टि, हर्ष कुमार, यशपाल हर्ष, मोनू कुमार, आशीष, हिमांशु, चंदन आदि उपस्थित थे। संघ के सचिव गुंजन कुमार झा ने बताया कि यह बहुत खुशी का मौका है।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव देवाशीष झा, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा, हज समिति के पूर्व सदस्य एस आलम, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव अबुल कलाम आजाद आदि ने नीरज चोपड़ा की उपलब्धि पर खुशी का इजहार करते हुए कहा है कि नीरज पर देश को गर्व है।