कांड्रा से के दुर्गा राव की रिपोर्ट
कांड्रा। सरायकेला खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात जारी है जिसके कारण विशेषकर वन क्षेत्र एवं अगल बगल रहने वाले लोगों में दहशत व्याप्त है। जंगली हाथी जहां खेतों में धान की खड़ी फसल को रौंद रहे हैं वहीं खलिहान में रखे धान को भी खा कर किसानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मात्र इतना ही नही अब जंगली हाथी आक्रामक होकर लोगों पर हमला भी बोलने लगे हैं। इसी क्रम हुदू पंचायत के मनोहरपुर गांव में प्रातः 5:45 बजे सोम हांसदा को एक जंगली हाथी ने अपने सूंढ़ से लपेटकर पटक दिया। जानकारी मिलते ही गांव वाले हल्ला मचाकर किसी तरह हाथी को भगाए। मिली जानकारी अनुसार वह अपने घर से 100 फुट की दूरी पर बगीचे से मूली निकाल रहा था। इसी बीच हाथी आकर अपने सुढं से पटका जिससे उसके जांघ और सीने में गंभीर रूप से चोटें लगी है। उसे एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष राम हांसदा ने वन विभाग के पदाधिकारियों को खबर किया। ग्रामीणों में दहशत का मुख्य कारण जंगली हाथी के आक्रामकता को लेकर है, इससे पूर्व भालुक पहाड़ी में जंगली हाथी द्वारा एक व्यक्ति को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया गया है, उससे पूर्व खरसांवा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को पटक कर जख्मी कर दिया है जिसका ईलाज चल रहा है। सीनी बीट के प्रभारी फॉरेस्टर त्रिदेव महतो ने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल भिजवाया गया है एवं इसकी जानकारी विभाग के वरीय पदाधिकारी को दे दी गई है।