प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ने कहा- आदर्श के पार्टी में आने से राज्य में राकांपा होगी और मजबूत
रांची: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष सह हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह द्वारा पत्र जारी कर आदर्श कुमार सिंह को प्रदेश संगठन सचिव मनोनीत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि आदर्श सिंह के शामिल होने से झारखण्ड में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी व पार्टी में युवा चेहरे का कद बढ़ेगा।
विदित हो कि इससे पूर्व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह और राकांपा के वरिष्ठ नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बीनू सिंह की उपस्थिति में आदर्श सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि झारखण्ड युवा शक्ति के संस्थापक रहे आदर्श सिंह पूर्व से धार्मिक, समाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों में समर्पित रूप से अपना योगदान देते आ रहे हैं।
आदर्श कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित हो कर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी द्वारा जो जिम्मेदारी दी गयी है, इस पद पर रहते हुए वे पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ पार्टी व राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिये एवं पार्टी के उद्देश्य को पूरा करने के लिए पूर्ण प्रयास के साथ कार्य करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार और प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक बेहतर समाज और देश बनाने एवं हर अन्याय और नाइंसाफी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।
आदर्श सिंह को प्रदेश सचिव बनाये जाने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह उर्फ बीनू सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सूर्या सिंह, प्रदेश महासचिव गोपाल सिंह, महीला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुंदन कुमारी, ललन सिंह, प्रवीण मंडल, अमन अहमद, इमरान हाशमी, करण सिंह, राहुल सिंह सहित अन्य ने बधाई दी है।