विजय कुमार की रिपोर्ट
मेहरमा : ईद पर्व के दौरान कोविड-19 के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए मेहरमा व ठाकुरगंगटी प्रशासन सख्त रहा। ठाकुरगंगटी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी मेघनाथ उरांव एवं ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी फुलेश्वर सिंह ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर लोगों को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। शुक्रवार को ठाकुरगंगटी प्रखंड प्रशासन ने अल्पसंख्यक बहुल गांवों में फ्लैग मार्च किया। लोगों से अपील की गई कि आदेशों एवं निर्देशों का पालन करते हुए अपने-अपने घरों में ईद शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। धारा 144 का भी सख्ती से अनुपालन करने की बात कही गई। मौके पर पदाधिकारियों ने मस्जिद के इमाम से अपने मस्जिद की माइक से उक्त जानकारी पूरे मुहल्ले में देने का निर्देश दिया। बीडीओ मेघनाथ उरांव ने कहा कि यह खुशी का त्योहार है। सभी लोग अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए इसे मनाएं। कहा कि नमाज के बाद एक दूसरे से हाथ मिलाना और गले मिलना सख्त मना है। फुलेश्वर सिंह ने कहा कि सभी लोग अच्छे से अपने-अपने घरों में शांतिपूर्वक सरकारी गाइडलाइन के तहत ईद की नमाज अदा करें।