जावेद अख्तर की रिपोर्ट
हनवारा:महागामा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत खोरद गांव में खुर्शीद आलम, पिता स्व दिलावर के घर में गुरुवार को आग लगने से हजारों की संपत्ति,कपड़ा,अनाज, जलकर राख हो गया था। आगलगी की सूचना मिलते ही खोरद पंचायत के समाजसेवी सह मुखिया प्रतिनिधि मकसूद आलम ने खोरद गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर तत्काल पांच हजार रुपये आर्थिक सहयोग के रूप में दिया। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि अनुमंडल या प्रखंड स्तर से भी लाभ दिलाने का प्रयास करूंगा।
समाजसेवी मकसूद आलम ने कहा कि विपत्ति काल में सदैव पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए।यही मानव धर्म और कर्तव्य कहलाता है।ऐसे तो बहुत लोग फिजूल खर्च कर देते हैं। लेकिन पीड़ितों को मदद नहीं करते हैं।इस मौके पर तौफीक आलम,अकरम, तनवीर आलम आदि सहयोगी थे।
श्री आलम ने झारखंड सरकार से मांग की है कि प्रखंड मुख्यालय में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। क्योंकि अनुमंडल क्षेत्र में आगजनी की घटना बहुत देखने को मिल रही हैं।अग्निशमन यंत्र नहीं रहने के कारण आग लगने पर पीड़ित परिवार बुरी तरह प्रभावित होता है। प्रखंड मुख्यालय में अग्निशमन वाहन रहने से लोगों के जान माल की रक्षा की जा सकती है। कहा कि अगलगी की घटना के बाद जिला मुख्यालय से प्रखंड के संबंधित गांवों में दमकल गाड़ी को पहुंचने में काफी समय लग जाता है, तब तक आग की लपटें तबाही मचा चुकी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा राहत से पीड़ितों को तत्काल मदद दिलाने की व्यवस्था भी सरल होनी चाहिए। क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवार के मुखिया के खाते में तुरंत मुआवजा राशि भेजने की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए।