बसंतराय/ पथरगामा: बसंतराय प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक पर संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 130 वीं जयंती बुधवार को धूमधाम से मनाई गई। कई सियासी पार्टियों के कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगो ने भी बाबा साहब प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने ऊंच-नीच, छुआछूत जैसी कुरीतियों का जमकर विरोध किया। उन्होंने इंसान को इंसान के बराबर का दर्जा देने के लिए संविधान में कानून का प्रावधान किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। समाज में मानववाद की स्थापना हो, तभी उनके द्वारा किए गए संघर्ष फलीभूत होंगे। मौके पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के जमाल उद्दीन, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला महासचिव इरफान आलम, मुहम्मद शामुल, नरेश पासवान,महा प्रसाद झा,भारती स्वर्णकार आदि मौजूद थे।
पथरगामा प्रखंड मुख्यालय में स्थित डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धा पूर्वक याद किया गया। मौके पर अंबेडकर स्मारक समिति पथरगामा के संस्थापक सह अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आनंद रजक, डॉक्टर अंबेडकर स्मारक समिति के सचिव नन्द किशोर दास तथा अन्य लोग मौजूद थे।