गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: ईद- उल- अजहा (बकरीद) जिले में शांति एवं सौहार्द्र के वातावरण में संपन्न हो गया। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस्लाम धर्मावलंबियों ने मस्जिद के जगह पर अपने घरों में ही बकरीद की नमाज अदा की। बकरीद त्योहार शांति पूर्वक संपन्न हो जाने पर प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। उपायुक्त भोर सिंह यादव एवं पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश ने शांति तथा सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व संपन्न होने पर जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
डीसी एवं एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के संक्रमण काल में गोड्डा जिलेवासियों के आपसी सहयोग तथा जागरूकता के कारण ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व बेहतर तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस पर्व में गोड्डा जिला के सभी संप्रदाय एवं धर्म के लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए इस पर्व को मनाने में जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग दिया। उनके द्वारा जिला प्रशासन के उन सभी पदाधिकारियों, कर्मियों तथा पुलिस के जवानों का आभार प्रकट किया गया, जो इस पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने में प्रतिनियुक्त किए गए थे।
जिला के दोनों आला पदाधिकारी ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौरान पर्व शांति और सौहार्द्र के वातावरण में मनाने के लिए जो भी कर्मी विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्य कर रहे थे, उन सभी के सजगतापूर्वक कार्य के कारण यह पर्व बेहतर तरीके से मनाया गया।
बताते चलें कि उपायुक्त श्री यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री रमेश के संयुक्त दिशा निर्देश पर जिला में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए मनाने हेतु प्रखंड एवं थाना स्तरों पर दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की देखरेख में लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए मास्क लगाकर ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व मनाया। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कहीं से किसी प्रकार की अभी तक अप्रिय घटना की शिकायत नहीं मिली है।