कामिल की रिपोर्ट
बसंतराय: मंगलवार की रात स्थानीय थाना से महज दो सौ मीटर पूरब बाइक दुर्घटना में बसंतराय थाना का एक निलंबित एएसआई रमन सिंह बुरी तरह घायल हो गए। उनका इलाज पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना मंगलवार रात 9 बजे की बताई जा रही है। घायल एएसआई रमन सिंह बसंतराय थाना में पूर्व में पदस्थापित थे। अभी हिंदी लंबित है लेकिन बसंतराय थाना में रहते है। घायल को पुलिस पीसीआर वैन से पथरगामा अस्पताल ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त दुर्घटना हुई उस समय मूसलाधार बारिश हो रही थी। तेज बारिश में ही पूरब की दिशा से बसंतराय की ओर तेज रफ्तार से बाइक जेएच 17 डब्ल्यू 3959 आ रही थी। एकाएक नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक कोई अन्य चला रहा था, जबकि एएसआई पीछे बैठे थे। बताया जाता है कि बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बाइक चला रहा व्यक्ति घायल एएसआई को बीच सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। बाइक दुर्घटना स्थल पर ही पड़ी थी। वहीं इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी नजदीकी बसंतराय थाना को दी साथ ही। 108 नंबर के एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने पर पुलिस ने पीसीआर वैन से घायल रमन सिंह को पथरगामा अस्पताल भेजा। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना स्थल से दुर्घटना ग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।