प्रतापपुर(चतरा)। 9 मार्च को प्रतापपुर प्रखंड के राजपुर(भरही) में पांच दिवसीय महारुद्र यज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से कलशधारी महिलाएं व कन्याएं गाजे बाजे के साथ माथे पर कलश लिए विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए मां देवी शीतला मंदिर होते हुए मोरहर नदी पहुंचे। जहां विधि विधान पूर्वक कलशों में जल भरा गया, उसके बाद कलशधारी मानतु, इमामगंज मार्ग से गायत्री मंदिर का भ्रमण करते हुए श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर यज्ञ मंडप में कलशों को रखा गया। यज्ञ समिति के डॉ. सहदेव प्रजापति, शुकर यादव, विनोद शर्मा एवं बाबा श्री आनंद दास जी महाराज ने बताया कि 13 मार्च तक चलने वाले इस में प्रतिदिन भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम छह बजे से नौ बजे तक प्रज्ञा पुराण कथा एवं संगीत प्रवचन का आयोजन होगा। इसके अलावे यज्ञ परिसर में टावर झूला, ब्रेक डांस, नौका झूला एवं मीना बाजार भी लगाया गया है। शनिवार को सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा योग-व्यायाम के बाद देवपूजन एवं महारुद्रा यज्ञ समापन होगा।