बिंदापाथर : बिंदापाथर थाना क्षेत्र के सिमलडूबी पंचायत अन्तर्गत बड़वा गांव के राधा गिरिधारी मंदिर परिसर में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। वृन्दावन धाम के श्री केशव कृष्ण जी महाराज व उनके सहयोगी गौरव शास्त्री एवं मदन मोहनजी के सानिध्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमे 108 कन्या मिट्टी कलश के साथ शामिल हुए। कथावाचक श्री केशव कृष्ण जी महाराज के द्वारा मधुवाचॉक-नामुजलांई के शिलानदी घाट में वैदिक मंत्रोचारण एवं आवाहन पूजन के उपरान्त नदी का पवित्र जल कलश में संग्रह किया गया। इस शोभायात्रा में श्रद्धालु एवं कलश यात्रा में शामिल कन्याओं ने धर्म की जय हो, अर्धम का नाश हो आदि जयकारे एवं हरे कृष्ण हरे कृष्ण हरे राम आदि कीर्तन करते मधुआचक, नामुजलांई, पाटनपुर, बाघमारा, डांढ़, बड़वा समेत लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र का सफर किया। इस शोभायात्रा में पारंपरिक बाद्ययंत्र और मंगलध्वनी के गूंजते रहने से आसपास का वातावरण भी भक्तिमय हो उठा। भागवत कथा स्थल तक पहुंचने तक की इस शोभायात्रा में कन्याओं के अलावा आसपास गांव के लोग काफी संख्या में बतौर दर्शनार्थी शामिल हुए। धार्मिक गतिविधि से क्षेत्र में भक्तिरस प्रवाहित होने लगी है। इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धेय तारीणी दास बाबाजी एवं उनके सहयोगियों के द्वारा किया गया है। कलश यात्रा में शामिल सभी कन्याओं के लिए आयोजक मंडली के द्वारा शरबत, पेयजल एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्था किया गया। इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह प्रवचन का आयोजन होने से संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस भव्य कलश यात्रा में गौतम महतो, रामचन्द्र महतो, कल्पना देवी,राधा देवी, यमुना देवी,चन्द्रावली चौधरी, प्रति चौधरी, लक्ष्मी चौधरी, ब्रज मोहन,प्रवेश चौधरी ,अरविन्द महतो,विश्वनाथ महतो, गौरव कुमार महतो, पार्थ कुमार महतो,आकाश कुमार महतो,आशिष कुमार, किशोर कुमार,पुलक, अभिजीत सहित काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हो कर पुण्य के भागीदार बने।