रांची: भारतीय जनतंत्र मोर्चा की ओर से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बिरसा चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यर्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा द्वारा अंग्रेजों, स्थानीय साहूकारों, शोषकों के विरूद्ध जिस प्रकार आमजन के सहयोग से उलगुलान किया गया था, उसकी मिसाल और कहीं नहीं मिलती। श्री तिवारी ने कहा कि धरती आबा के सपनों के झारखंड को साकार करना हम सब की महती जिम्मेवारी है।
आज झारखंड 21 वर्षीय युवा हो चला है। अब झारखंड को अपने पैरों पर सुदृढ़ रूप से खड़ा करने की आवश्यकता है। जल, जंगल ज़मीन की सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल के साथ स्थानीय स्वशासन को भी मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता है। झारखंड के आदिवासी समाज के लोगों सहित वंचित परिवारों को सामाजिक न्याय प्रदान करते हुए उन्हें मूलभूत बुनियादी सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिये।
उन्होंने बताया कि 21 वर्षों में किसी भी पार्टी की सरकार ने आदिवासियों की बुनियादी समस्याओं को दूर करने की कोशिश नहीं की , केवल उनका वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सभी लोकतांत्रिक देश में रहते हैं और जब तक तंत्र यानि केन्द्र और राज्य की सरकारें जनता के लिए समर्पित हो कर उनके कल्याण के लिए कार्य नही करेगी तबतक हमारा देश और प्रदेश खुशहाल नही हो सकता है।
इस अवसर पर श्री तिवारी के साथ पार्टी के महासचिव आशीष शीतल, निरंजन सिंह, कार्यालय प्रभारी ओपी पांडेय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।