रांची : झारखंड की नवगठित राजनीतिक दल भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) के अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती पर पार्टी की ओर से 25 सितंबर से सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह सदस्यता अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष के अंत तक पांच लाख से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। धर्मेंद्र तिवारी शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में उनके संपूर्ण जीवन दर्शन, एकात्म मानववाद, अंत्योदय आदि विषयों पर परिचर्चा होगी। 25 सितंबर को सभी जिलों में पार्टी के कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाएंगे और अपने-अपने जिलों में पार्टी ध्वज का लोकार्पण करेंगे। राज्य के विकास पुरुष और भ्रष्टाचार के खिलाफ निरंतर लड़ाई लड़ने वाले विधायक सरयू राय भाजमो के मुख्य संरक्षक हैं। पार्टी का गठन भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, शहीद गणपत राय आदि के विचारों से प्रेरणा लेकर किया गया है।
पार्टी का मुख्य उद्देश भ्रष्टाचार मुक्त विकास और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा। इसके अलावा पार्टी पलायन, रोजगार नियोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसे विषयों पर जनआंदोलन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में मोर्चा के पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति सहित राज्य के नौ जिलों में पार्टी का विस्तार किया गया है। शेष 15 जिलों में जल्द ही पार्टी का विस्तार किया जाएगा। प्रेसवार्ता में धर्मेंद्र तिवारी ने अमेय विक्रमा को भारतीय जनतंत्र युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है।