– मधुपुर उपचुनाव के 6 माह बाद सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से भाजपा कार्यकर्ता आंदोलित
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: बीते अप्रैल माह में संपन्न मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के करीब 6 माह बाद देवघर प्रशासन द्वारा स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ अनेक प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के कारण भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में राज्य सरकार एवं देवघर के उपायुक्त के खिलाफ काफी नाराजगी है। भाजपा सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महागामा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर देवघर के उपायुक्त के मौखिक आदेश पर सांसद श्री दुबे के खिलाफ मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर विभिन्न धाराओं के तहत झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके विरोध में मंगलवार को महागामा मंडल भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले केंचुआ चौक पर पुतला दहन किया गया ।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मधुपुर उप चुनाव के उपरांत मुख्य चुनाव आयुक्त ने निर्देश दिया था कि किसी भी परिस्थिति में सांसद डॉ दुबे पर केस दर्ज नहीं किया जाएगा। परंतु हेमंत सरकार 6 महीने के बाद मनगढ़ंत बातें बना कर सांसद पर झूठा एवं मनगढ़ंत केस किए हैं। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री मुरारी चौबे ने कहा कि उपायुक्त देवघर अपने पद का तटस्थ रूप में निर्वाहन करें। सरकार के इशारे पर कठपुतली ना बनें। सरकार का आना और जाना होते रहता है। प्रशासनिक पदाधिकारी को नियम संगत कार्य करना चाहिए, न की किसी के विशेष प्रभाव में आकर। श्री चौबे ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार अपना पूरा समय गोड्डा सांसद को परेशान करने के लिए व्यतीत कर रही है। सांसद डॉ निशिकान्त दुबे जनता से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारने में दिन रात लगे हैं।
मौके पर प्रबोध सोरेन, जिला अध्यक्ष एसटी मोर्चा ने कहा कि हेमंत सरकार होश खो बैठी है। अपने सहयोगी दलों के इशारे पर विकास पुरुष सांसद की छवि को धूमिल करने हेतु षड्यंत्र रच रही है, जो कभी भी सफल नहीं होगा। समय आने पर जनता हेमंत सरकार को करारा जवाब देगी।
नंद किशोर ठाकुर उर्फ पप्पू ठाकुर ने कहा कि हेमंत सरकार पूरी तरह अपरिपक्वता का लक्षण दिखा रही है। किस परिस्थिति में 6 महीने के बाद सांसद के खिलाफ मुकदमा दायर किया जा रहा है।
भाजपा के महागामा मंडल अध्यक्ष अभिषेक मंडल ने कहा कि सांसद के विकास कार्य को देखकर विपक्ष बौखला गया है। कोई सार्थक मुद्दा नहीं मिलने के कारण अपनी नाकामी को छुपाने के लिए सांसद पर मनगढ़ंत मुकदमा दायर कर रही है, जो बहुत ही निंदनीय है।
पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से उषा जायसवाल, मुन्ना झा, नवीन महतो, बुधराम मुर्मू, जय कांत मालाकार, मिथिलेश यादव, लाल बहादुर सिंह, विनोद महतो, संजय चौबे, मुकेश भगत आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।