महेंद्र कुमार यादव
चतरा: भाजपा किसान मोर्चा ने शुक्रवार को जिले के सभी पंचायतों में धरना प्रदर्शन किया। मोर्चा ने यह प्रदर्शन किसान के खेतों में उतर कर किया। धरना प्रदर्शन में राज्य सरकार के विरोध में नारे लगाए गए और उन्हें किसान विरोधी बताया गया। मोर्चा के सदस्य झंडा बैनर के साथ खेतों में जुटे थे और विभिन्न तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष कुमार शुभम ने किया। जबकि मंडल और पंचायतों में मंडल और पंचायत अध्यक्षों ने किया। जिला अध्यक्ष ने बताया कि धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष के दिशा निर्देश के अनुसार किया गया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार किसान विरोधी सरकार है। इस सरकार में किसान परेशान हैं और आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। वर्तमान समय खरीफ फसलों का है। मॉनसून भी किसानों का साथ दे रहा है। किंतु राज्य सरकार ने अब तक किसानों को धान का बकाया राशि का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में किसानों को खरीफ फसल की बुवाई में आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। खाद और बीजों की खरीदारी के लिए किसान मोहताज हैं। उन्होंने राज्य सरकार को बकाए धान की राशि का भुगतान अविलंब करने की मांग की है। अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। किसान मोर्चा का यह आंदोलन जिले के सिमरिया, टंडवा, पत्थलगड़ा, गिद्धौर, इटखोरी, मयूरहंड, कुंदा, प्रतापपुर, हंटरगंज, कन्हाचट्टी सहित समस्त प्रखंडों में आयोजित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।