रांची: राजधानी में अपराधियों ने एक बार फिर अपनी धमक दिखाई है। इस बार ओरमांझी में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना जिले के चूटूपालू में हुई। जहां बुधवार की देर शाम बाइक सवार अपराधी ने जीतराम मुंडा को गोली मार दी। वहीं इस घटना में ओरमांझी मंडल मीडिया प्रभारी राज किशोर साहू घायल हो गए हैं। घायल राजकिशोर साहू का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने जीतराम मुंडा को जनता हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. आपसी रंजिश में जीतराम मुंडा की हत्या की आशंका जतायी जा रही है. रांची के सांसद संजय सेठ ने इस घटना की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गया है।
जीतराम मुंडा की हत्या की निंदा
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों का राज हो गया है। हेमंत सरकार राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी चरमरा गई है। राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। झारखंड में आज न तो आदिवासी सुरक्षित है, न ही बच्चियां सुरक्षित है। सरकार का मंत्री-विधायक, अधिकारी सभी तुष्टिकरण की राजनीति में लगे हुए हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा की हत्या अपराधियों के बढ़े मनोबल को दिखाता है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। जीतराम मुंडा का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
हेमन्त राज में आदिवासी असुरक्षित, अपराधी हुए बेलगाम: दीपक प्रकाश
ओरमांझी में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या पर प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, हेमन्त सरकार पर जमकर भड़के, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कर्तकर्ताओं को टारगेट कर निशाना बनाया जा रहा है। हेमन्त सरकार में कानून व्यवस्था चौपट हो चुका है। उन्होंने कहा कि हत्या में संलिप्त दोषियों को यथाशिघ्र गिरफ्तार करे अन्यथा भाजपा गिरते कानून व्यवस्था पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से अपराधियों ने जिलाध्यक्ष जीतराम मुंडा को घेर कर गोली मारी है उससे साफ हो गया है कि अपराधियों में डर समाप्त हो चुका है। यहां अपराधियों का बोलबाला है। अपराधी कानून व्यवस्था से ऊपर उठ चुके हैं। इस घटना में घायल ओरमांझी मंडल के मीडिया प्रभारी राज किशोर साहू के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
घटना के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा,संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह,प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर,प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू,प्रदीप वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, सूरज चौरिसिया, आरती कुजूर, अशोक बड़ाईक,सुरेंद्र महतो,पवन साहू, किसलय तिवारी, आरती कुजूर,रामकुमार पाहन,रंजीत चन्द्रवंशी,ललित ओझा,अर्जुन सिंह,रूपेश सिन्हा, जेलेन्द्र कुमार,नरेंद्र कुमार,प्रभुदयाल बड़ाईक समेत सैकड़ो भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे। जहां घटना की जानकारी ली और घायल ओरमांझी मंडल के मीडिया प्रभारी राज किशोर साहू से मुलाकात की। साथ ही जीतराम मुंडा के परिजनों का ढाढस बंधाया।