– गोड्डा में विधायक अमित मंडल एवं पोड़ैयाहाट में पूर्व विधायक प्रशांत कुमार विरोध प्रदर्शन में हुए शामिल
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित मानव श्रृंखला में गोड्डा में विधायक अमित मंडल एवं पोड़ैयाहाट में पूर्व विधायक प्रशांत कुमार ने भी भागीदारी निभाई।
जिला मुख्यालय में पार्टी की गोड्डा नगर इकाई की ओर से शनिवार को ब्लॉक मैदान के समीप मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। राज्य में बिगड़ती विधि व्यवस्था की स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम अफसरशाही, बदतर बिजली आपूर्ति आदि समस्याओं को मुद्दा बनाते हुए भाजपा ने मानव श्रृंखला बनाकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान विधायक अमित मंडल, भाजपा के गोड्डा नगर मंडल अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह उर्फ गप्पू सिन्हा, भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश झा, भाजपा किसान मोर्चा के पवन झा, राम नरेश यादव, अंजनी झा, सुमन कुमार, लड्डू कुमार, नगर मीडिया प्रभारी मोहित वर्मा, महिला मोर्चा महामंत्री सरिता दुबे,शैल झा,भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री सूरज सिंह, युवा मोर्चा के अशोक कुमार, नुनबट्टा मंडल अध्यक्ष मणिकांत, गायछंद मंडल के महामंत्री कार्तिक कुमार और मानिक पाल समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
सरकार हर मोर्चे पर फेल: अमित
मौके पर भाजपा विधायक अमित मंडल ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। राज्य में विधि व्यवस्था कमजोर हुई है। अराजकता का माहौल है। बिजली के लिए लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं।
विधायक श्री मंडल ने कहा कि इस सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनता के हित में काम करने के बदले यह सरकार सिर्फ झूठी घोषणाएं करने में लगी हुई है। उन्होंने वर्तमान सरकार द्वारा जारी नियुक्ति नियमावली को राज्य के मूल निवासियों के साथ धोखा बताया। कहा, इस सरकार में बेलगाम अफसरशाही सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों की भी नहीं सुन रही है।
सरकार के खाने के एवं दिखाने के दांत अलग-अलग: कृष्ण कन्हैया
मौके पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया ने कहा कि पिछले 19 माह में सरकार ने कभी जनता के हितों में काम नहीं किया। राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा, बात करेंगे 1932 के खतियान की लेकिन लागू नही करेंगे। इनके खाने के दांत अलग है और दिखाने के अलग। आज जनता त्रस्त है। भाजपा सशक्त विपक्ष होने के नाते सरकार के खिलाफ लगातार आवाज उठाने का काम कर रही है।
राज्य को लूटने का काम कर रही कांग्रेस, झामुमो एवं राजद की तिकड़ी: राजेश
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो और राजद की तिकड़ी झारखंड को लूटने का काम कर रही है। 19 महीने की सरकार 19 किलोमीटर सड़क तक नहीं बना सकी। 19 बिजली के खंभे नहीं लगा सकी। इन खम्बों में 19 बल्ब नहीं बदल सकी। इस सरकार में राज्य को लूटने की छूट है। बालू से लेकर आयरन ओर और कोयले की तस्करी की छूट सरकार ने दे रखी है। शराब बिचौलियों के हाथ में है। इससे राज्य को 150 करोड़ के राजस्व की हानि होगी। देश की यह पहली सरकार रही जिसने कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों को बचाने का नहीं बल्कि कफन बांटने का काम किया।
इस जनविरोधी सरकार में जरा भी नैतिकता है तो रूपा तिर्की मामले की सीबीआई जांच कराए।
मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सरकार मुर्दाबाद का नारा लगाया गया। साथ ही बेरोजगार युवकों को रोजगार दो, खनिज पदार्थ की लूट बंद करो, भ्रष्टाचार खत्म करो आदि का नारा लगाया गया।
पोड़ैयाहाट में पूर्व विधायक हुए शामिल
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पोड़ैयाहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रशांत कुमार, पोड़ैयाहाट मंडल के अध्यक्ष राजीव भगत, मंडल प्रभारी सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र नाथ सिंह, पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, रघु यादव, चमक लाल मंडल, विकास मंडल, आकाश मंडल, अमित झा, कुंदन मंडल, प्रफुल्ल मंडल, सोशल मीडिया के ललन दास आदि मौजूद थे। प्रखंड कार्यालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाया गया। मौके पर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को समर्पित किया गया।
महागामा में भाजपा के जिला महामंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि मुरारी चौबे की अगुवाई में मानव श्रृंखला आयोजित की गई।