खूंटी: किसानों के हितों की अनदेखी करने को लेकर खूंटी जिले के भाजपा कार्यकर्त्ता तोरपा प्रखण्ड परिसर में जुटे और प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के द्वारा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
खूंटी के भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। किसानों को धान की राशि भी सरकार देने में आनाकानी कर रही है। साथ ही किसानों का कृषि ऋण भी माफ नहीं कर रही है। इससे किसान हतोत्साहित और परेशान हैं। कोरोना काल मे किसानों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गयी है। कृषि उपज का बाजार भी किसानों को नहीं मिल रहा है, राज्य सरकार किसानों के लिए बाजार का प्रबंधन करे ताकि किसान अपने कृषि उपज से अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर बना सकें।
तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों का भला नहीं कर रही है। किसानों को ससमय धान का भुगतान नहीं किया गया है। किसान ससमय खाद बीज नहीं खरीद पा रहे हैं। कोरोना के कारण लंबे समय तक लॉकडाउन की अवधि में किसान अपने उत्पादों को बाजार उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। झारखण्ड सरकार कृषि उत्पादों का बाजार व्यवस्था नहीं कर रही है। औने पौने दामों में किसान अपनी उपज बेचने को मजबूर हैं। साथ ही वर्त्तमान सरकार में महिलाओं के साथ छेड़खानी, अत्याचार और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सरकार किसानों और महिलाओं की उत्पीड़न रोकने का प्रयास करे।