मेदिनीनगर:भाजपा पलामू की बैठक स्थानीय जिला कार्यालय में गुरुवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक ने की एवं संचालन महामंत्री श्याम बाबू ने किया। बैठक में 21 अगस्त को राज्य सरकार के खिलाफ जिले के सभी 21 मंडल मुख्यालयों में मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विरोध प्रदर्शन की तैयारियों एवं रूपरेखा पर चर्चा हुई।
वही जिलाध्यक्ष विजय नंद पाठक ने कहा कि हेमंत सरकार में विकास कार्य बिल्कुल ठप है एवं इस सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की विकास योजनाओं को भी बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है ही अपितु ट्रांसफर पोस्टिंग का उद्योग भी खूब फल फूल रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार में जनता त्रस्त है और इस सरकार की ईंट से ईंट बजा देने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है।
मौके पर श्याम नारायण दुबे ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था चरमरा गई है एवं उग्रवादी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार में न्यायाधीश और पुलिस सुरक्षित नहीं है उनकी सरकार में आमजनों का क्या होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सड़क पर उतरेंगे।
मौके पर प्रेम सिंह,परशुराम ओझा, नरेंद्र पांडे, अशोक सिंह, मंगल सिंह, उदय शुक्ला ने भी विरोध प्रदर्शन को जोरदार-धारदार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। वही सभी भाजपाइयों ने अशोक सिंह चौहान को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनने पर बधाई दी एवं जिला अध्यक्ष ने उन्हें सम्मानित किया।
मौके पर धर्मेंद्र उपाध्याय,रीना किशोर, सुरेंद्र विश्वकर्मा, जितेंद्र तिवारी, सीटू गुप्ता, धीरेंद्र दुबे, संतोष सिंह, मंजू गुप्ता, रेनू देवी, मनोज दुबे, संटू सिंह, अजय सिंह, राकेश तिवारी समेत जिले के सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।