– घटना स्थल से तीन खोखा एवं एक पिस्टल बरामद
मो अकबर अली की रिपोर्ट
बोआरीजोर: स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरली पंचायत के कामलदौरी बहियार में बुधवार को सुबह एक अधेड़ का शव मिला। मृतक की पहचान धमनी सिमरिया गांव के लखीराम टुडू ( 60), पिता होप्पा टुडू के रुप में की गयी। घटनास्थल से गोली का तीन खोखा एवं एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस इस हत्याकांड का उद्भेदन करने में जुट गई है।
बुधवार को सुबह बहियार में शव देखते ही अगल बगल के गांव मे सनसनी फैल गयी। घटना की जानकारी मिलते ही बोआरीजोर थाना प्रभारी नारायण तुबिद, ललमटिया थाना प्रभारी ललित कुमार पाण्डे एवं पुलिस निरीक्षक कमलेश प्रसाद घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि मृतक लखीराम टुडू गुरु बाबा का काम भी करते थे। मृतक के भाई बाबू टुडू ने बताया कि मंगलवार की शाम को शादी समारोह में कमलदौरी गए हुए थे। रात्रि घर आने के क्रम में अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी। ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा है कि घटना लगभग एक बजे रात की है।
बताते चलें कि पिछले 15 दिनों के अन्दर ललमटिया एवं बोआरीजोर थाना क्षेत्र में हत्या की यह चौथी घटना है। बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा का बाजार गर्म है।
मृतक के शरीर पर मारपीट एवं गोली का निशान पाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुखिया रमेश सोरेन ने बताया कि मृतक लखीराम टुडू एक अच्छे विचारधारा के व्यवहार कुशल इंसान थे।
थाना प्रभारी नारायण तुबिद ने बताया कि हत्या कांड के उद्भेदन के लिए छानबीन की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।