पथरगामा: थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी कल्याणी गांव से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का मामला पथरगामा थाना में दर्ज कराया गया है। नाबालिग लड़की के पिता ने राजाभीठा थाना क्षेत्र के कुसबिल्ला निवासी सिराजुल अंसारी और खलील अंसारी पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्रथमिकी में कहा गया है कि घटना 6 अक्टूबर 21 की है। दिन के 10 बजे बेटी अपनी मां से बोलकर निकली कि वह गंगटा कला विद्यालय पढ़ने जा रही है। क्योंकि दो दिनों से विद्यालय नहीं गई है। लेकिन विद्यालय जाने के बाद लड़की अब तक घर लौट कर नहीं आई। जब गंगटा कला विद्यालय पता लगाने गया तो शिक्षक द्वारा बताया गया कि वह स्कूल आई थी परंतु कुछ देर बाद बिना कुछ बताए स्कूल से चली गई। अपने सगे संबंधियों में काफी खोजबीन किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में खोजबीन के क्रम में पता चला कि आरोपी कुसबिल्ला निवासी सिराजुल अंसारी पुत्री को भगा ले गया है। दर्ज प्रथमिकी में आगे कहा है कि आरोपी घर में झाड़ फूक करने के लिए आता जाता था। दूसरा आरोपी कुसबिल्ला निवासी खलील अंसारी पर नाबालिग को भागने में सहायता करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी बलिराम राउत ने बताया कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।