– जमशेदपुर से हुई गिरफ्तारी, भेजे गए जेल
– अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद दूसरी बार जेल यात्रा
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: सरकारी काम में बाधा डालने एवं पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार करने के आरोप में गोड्डा नगर परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल को शनिवार को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। शुक्रवार की देर रात पुलिस ने नगर परिषद अध्यक्ष को जमशेदपुर में गिरफ्तार किया था।
जमशेदपुर से पुलिस अभिरक्षा में गोड्डा लाए जाने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष की कोर्ट में पेशी की गई। तत्पश्चात सदर अस्पताल में कोरोना जांच कराने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। अस्पताल में कोरोना जांच के के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस प्रशासन पर बेवजह फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कहती तो वह खुद हाजिर हो जाते। लेकिन मोबाइल लोकेशन ट्रैक करते हुए उन्हें जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोप लगाया कि उन्होंने भी प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था। लेकिन उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
क्या है मामला: नगर परिषद अध्यक्ष श्री मंडल 14 जुलाई को वाहन एवं मास्क चेकिंग के दौरान शहर के रौतारा चौक पर बगैर मास्क एवं हेलमेट के पकड़े गए थे। चेकिंग स्थल पर एक बाइक की पिछली सीट पर बैठे नगर परिषद अध्यक्ष बिना मास्क के थे। जो बाइक चला रहा था उसके पास भी न हेलमेट था और न मास्क। पुलिस द्वारा रोके जाने का इशारा करने पर बाइक आगे बढ़ गई थी।
उसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उनके बाइक की चाभी निकाल ली थी। इस मुद्दे पर दंडाधिकारी एवं पुलिसकर्मी के साथ जमकर बतकही हुई थी। काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला था। इस मामले को लेकर मौजूद दंडाधिकारी ने नगर थाना में नगर अध्यक्ष के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा डालने एवं पुलिस के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस घटना पर पुलिस एसोसिएशन ने भी कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक से नगर परिषद अध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की थी।
अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को मनगढ़ंत बताते हुए नगर परिषद अध्यक्ष ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उनके समर्थन में नगर परिषद के वार्ड पार्षद भी गोलबंद होने लगे थे। नगर परिषद की उपाध्यक्ष वेणु चौबे की अगुवाई में वार्ड पार्षदों ने चेतावनी दी थी कि नगर परिषद अध्यक्ष को गिरफ्तार किए जाने पर गोड्डा बंद कराया जाएगा। यह बात दीगर है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद कोई शहर बंद कराने नहीं उतरा। कुछ लोग सोशल मीडिया पर अवश्य सक्रिय रहे, लेकिन सड़क पर कोई नहीं उतरा।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद दूसरी बार जेल यात्रा
नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल का विवादों के साथ चोली दामन का नाता रहा है। 2018 के नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष निर्वाचित होने के कुछ माह के बाद ही श्री मंडल को मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। स्थानीय भाजपा विधायक अमित कुमार मंडल के निकटतम सहयोगी मनीष रंजन के साथ मारपीट के आरोप में नगर परिषद अध्यक्ष करीब दो माह तक जेल में रहे थे। मारपीट की घटना में विधायक के सहयोगी मनीष रंजन का सिर लहूलुहान हो गया था। उस घटना में नगर परिषद अध्यक्ष को 8 जुलाई 2018 को गिरफ्तार किया गया था।
वार्ड पार्षद से दुर्व्यवहार के आरोप में चल रहा मामला
नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल के खिलाफ वार्ड नंबर 8 की वार्ड पार्षद पिंकी देवी ने दुर्व्यवहार एवं जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। यह मामला भी काफी सुर्खियों में रहा। हालांकि इस मामले में उन्हें जेल जाने की नौबत नहीं आई थी। न्यायालय में सरेंडर करने के बाद जमानत मिल गई थी।