गोड्डा: सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव की अगुवाई में कांग्रेस जनों ने जिला मुख्यालय के कारगिल चौक पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत एवं घटनास्थल पर जाने के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी जाने के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रियंका गांधी को जबरन रोका गया, धक्का – मुक्की की गई एवं गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना बेहद ही निंदनीय है।
भाजपा की योगी सरकार के तानाशाही एवं दमनकारी रवैये के खिलाफ पुतला दहन कार्यक्रम कारगिल चौक पर किया गया । कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिंदु मंडल, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजीव मिश्रा, सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर राकेश रोशन, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनी झा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभय जायसवाल , सिद्धार्थ सोनू , जाहिदा परवीन, नाहिदा परवीन, सोनी सिंह, ब्रह्मदेव महतो, विजय तिवारी, अमित झा, नंदू वर्मा आदि शामिल थे।