गढ़वा। सोनभद्र के घोरावल हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने जा रही कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किए जाने के खिलाफ शनिवार को स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपी के सीएम का पुतला दहन किया। मौके पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार दुबे उर्फ बड़ु दुबे ने कहा कि सोनभद्र में अजय सिंह बिष्ट की सरकार में 11 आदिवासी भाई-बहनों का सामूहिक नरसंहार होता है और जब पीड़ितों का आंसू पोछने प्रियंका गांधी जा रही थी तो किस आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। जिला उपाध्यक्ष शैलेश चौबे ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में दलितों और आदिवासियों पर लगातार आक्रमण किया जा रहा है। जिससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा गरीब, दलित और शोषित वर्गो के लिए नहीं है। योगेन्द्र चौबे ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा की सारी असलियत सामने आ जायेगी। सरकार की नाकामी अब छुपने वाली नहीं है। मौके पर गढ़वा विधानसभा प्रभारी सत्यनारायण यादव, राजेश चौबे, विजय चौबे, चुन्नु दुबे, लाला चौबे, युवराज ठाकुर, राहुल दुबे, अजहर इक़बाल, डब्लू तिवारी, आनंद यादव, आकाश दुबे, फिरोज खान, जवाहर राम इत्यादि लोग उपस्थित थे।