विधायक ममता देवी ने कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
रामगढ़ से वली उल्लाह की रिपोर्ट
रामगढ़: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सह कांग्रेस नेत्री ममता देवी ने रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं एवं कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी कांग्रेस की नीतियों एवं सरकार के कार्यों को जन जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे और पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी मिलना सौभाग्य की बात है। कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है, जिसने आजादी की लड़ाई में बहुमूल्य योगदान और बलिदान दिया है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास हम सभी के लिए प्रेरणादाई है जो हमें गौरवान्वित करता है। हमें पूरी उम्मीद है कि रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्य अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने में सफल होंगे।
ममता देवी ने सभी नवनियुक्त जिला कांग्रेस पदाधिकारियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों, सिद्धांत एवं विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें ।ताकि कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़े और कांग्रेस को मजबूती मिले।
उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस नीत महागठबंधन की सरकार है, जो झारखंड वासियों के बेहतर भविष्य और उन्हें बेहतर संसाधन मुहैया कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि सरकार आप सबों के साथ पूरी तत्परता के साथ खड़ी है। हम सभी कांग्रेसियों की जिम्मेदारी है कि सरकार के द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
विधायक ममता देवी ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चलाए जा रहे आउटरीच प्रोग्राम को सफल बनाने के लिए सभी कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारी प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर पर जाकर कोरोना महामारी से हुए नुकसान का आकलन करें एवं उन्हें हर सरकारी सुविधा मुहैया कराने की दिशा में पहल करें।