बुंडू : माकपा का 19 वां रांची जिला सम्मेलन बुंडू के मौसीबाड़ी मैदान में किया गया। सम्मेलन के पूर्व शहीदों – कॉमरेड लक्ष्मीकांत स्वामी ,नेताजी सुभाष चंद्र बोस और शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने बुंडू मेन रोड में जुलूस की शक्ल में केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए। सौ रुपया पेट्रोल नहीं चलेगा, 200 रुपया सरसों तेल नहीं चलेगा। महंगाई की सरकार नहीं चलेगी। किसानों का शोषण करना बन्द करो समेत कई नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए सीपीआई (एम) के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। लंबे समय से दिल्ली में किसान अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार किसानों की मांगों पर सुनवाई नहीं कर रही है। साथ ही महंगाई चार्म पर है। डीजल पेट्रोल राशन सामग्री सभी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। देश की जनता से भाजपा सरकार वादाखिलाफी जर रही है। घोषणा पत्र के मुताबिक भाजपा किसानों के हितों की रक्षा नहीं कर रही है। सभा मे कम्युनिस्ट नेताओ ने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि मुफ्त में कोरोना का टीका मोदी सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि क्या चीन में और अन्य देशों की सरकारें मुफ्त में वैक्सीन नहीं दे रही हैं। हमारे राज्य की बहु बेटियां और युवा रोजगार के लिए बाहर जा रहे हैं। केंद्र सरकार सभी क्षेत्रों में फेल हो चुकी है। केंद्र सरकार गरीब लोगों और किसानों की हितैषी नहीं है। कॉरपोरेट घरानों को केंद्र सरकार आगे बढ़ाना चाहती है और आम अवाम, मजदूर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं देना चाहती है। गरीब, मजदूर और किसान विरोधी केंद्र सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। सम्मेलन में कम्युनिस्ट नेताओं ने आम जनता से वैक्सीन लगवाने की अपील की और मास्क लगाकर बाहर जाने की भी हिदायत दी।
सम्मेलन में बुंडू ,तमाड़, राहे, सोनाहातू, सिल्ली, अनगड़ा, नामकुम, रातू , नगड़ी डकरा और रांची नगर से 101 ब्रांच, 15 लोकल कमिटियों व रांची नगर जोनल कमेटी से चुने हुए ढाई सौ से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन प्रभारी के रूप में राज्य सचिव गोपी कांत बक्सी और राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रकाश विप्लव, समीर दास व सुफल महतो भी शामिल थे।