गढ़वा से नित्यानंद दुबे की रिपोर्ट
गढ़वा : शनिवार को उपायुक्त राजेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा- 2021 के आयोजन एवं सफल संचालन के लिए बैठक आहुत की गई।
समाहरणालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने सभी उड़नदस्ता पदाधिकारियों, सभी पर्यवेक्षक- सह- स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को उक्त प्रतियोगिता परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने से न्यूनतम 2 घंटे पूर्व केंद्राधीक्षक, पर्यवेक्षक- सह- स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल एवं परीक्षा कार्य हेतु प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने के नियत समय से 30 मिनट पूर्व प्रवेश दिया जाएगा तथा परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पश्चात परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा समाप्ति के पश्चात ही परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने विभिन्न केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों/पदाधिकारियों को कंट्रोल रूम से संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी कुमार झा ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ ना जमा हो। जिला परिवहन पदाधिकारी को दूरस्थ सेंटर के नजदीकी प्रमुख चौक- चौराहा पर ऑटो की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन करवाते हुए परीक्षा संचालन का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा , उप विकास आयुक्त सत्येन्द्र नारायण उपाध्याय, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, निदेशक डीआरडीए गढ़वा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी उड़नदस्ता पदाधिकारी, सभी पर्यवेक्षक- सह- स्टैटिक दंडाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।