रामगढ़: रामगढ़: रामगढ़ जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए तथा राज्य सरकार द्वारा रांची जिले के संक्रमित मरीजों के उपचार हेतु बनाए गए कोविड-19 सर्किट में रामगढ़ जिले के शामिल होने को देखते हुए जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा तीव्र गति से ज्यादा से ज्यादा कोरोना मरीजों के उपचार हेतु व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती कीर्ति श्री जी द्वारा रामगढ़ छावनी क्षेत्र अंतर्गत छावनी अस्पताल रामगढ़ में कोरोना मरीजों के उपचार हेतु बनाए जा रहे 30 ऑक्सीजन बेड के अस्पताल के तहत हो रहे कार्यों का जायजा लिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र कुमार सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती कीर्ति श्री जी द्वारा अस्पताल में उपलब्ध ऑक्सीजन सेवा, स्वास्थ्य उपकरण, साफ सफाई आदि की जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बुधवार से छावनी अस्पताल रामगढ़ में कोरोना मरीजों का उपचार शुरू करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, छावनी अस्पताल के चिकित्सकों तथा कर्मियों सहित अन्य उपस्थित थे।