– महागामा प्रखंड के बारेडीह गांव का निवासी था मृतक
मुकेश/ जावेद की रिपोर्ट
महागामा/हनवारा: गोड्डा- महागामा एनएच 133 के अमडीहा के समीप सड़क के किनारे झाड़ी से शुक्रवार की सुबह एक शव सड़ी गली अवस्था में बरामद किया गया। मृतक की पहचान महागामा प्रखंड के लहठी पंचायत के बारेडीह निवासी बालेश्वर कुंवर (50) के रूप में की गई। मृतक 4 दिनों से अपने घर से लापता था।
घटना के संबंध में मृतक की बहन निपुण देवी ने बताया कि सोमवार को पचगाछी हाट जाने की बात कहकर वह घर से निकले थे। लेकिन रात को घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद खोजबीन शुरू कर दिए, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार को पड़ोस के लोगों के द्वारा सूचना मिली की अमडीहा मुख्य सड़क के किनारे एक अज्ञात शव मिला है। घटनास्थल पर पहुंचकर पहचान की। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक अत्यंत ही गरीब परिवार से था। मजदूरी कर अपने और अपने परिवार का भरण पोषण करता था। दो वर्ष पूर्व उसकेे एक पुत्र की मृत्यु परदेस में हो गई थी, जहां वह मजदूरी कर अपने और अपने परिवार का भरण था। घटना के संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने कहा कि मृतक शराब का शौकीन था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि अत्यधिक शराब पीकर लुढ़क गया होगा, जिससे उसकी मृत्यु हो गई होगी। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा।