बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किया पौधारोपण
रामगढ़: बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत मनरेगा अंतर्गत राज्य भर में पानी रोको पौधा रोपो अभियान के तहत पिट डीगिंग का कार्य पूर्ण होने के उपरांत 28 जुलाई से पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिले के उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने गोला प्रखंड के चाड़ी पंचायत का दौरा किया।
विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा ने प्रखंड विकास पदाधिकारी गोला संतोष कुमार से पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने लाभुक की भूमि पर पौधरोपण कर आम बागवानी योजना का शुभारंभ किया। मौके पर उप विकास आयुक्त ने लाभुक को योजना के माध्यम से मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी देते हुए मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों को लाभुक का पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने पूर्व में चाड़ी पंचायत में आम बागवानी योजना के तहत हुए कार्यों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी मनरेगा डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोला, अंचल अधिकारी गोला, बीपीओ, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।