रामगढ़: शुक्रवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग झारखंड गीता चौबे ने रामगढ़ परिसदन में उप निर्वाचन पदाधिकारी आबिद हुसैन रामगढ़ एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर पर निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर के साथ समय समय पर प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय द्वारा जिला स्तर के कंप्यूटर ऑपरेटरों को मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्यों का समय से निष्पादन हेतु निर्वाचक निबंधन कार्यालय/सहायक निर्वाचक निबंधन कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटरों से समन्वय स्थापित कर कार्य निष्पादित कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय ने सभी क्षेत्रों में गरुड़ ऐप के तहत हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द सभी क्षेत्रों में बीएलओ को गरूड़ ऐप डाउनलोड का कार्य पूर्ण करने हेतु प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।
निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारी/ कर्मियों को मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों के निष्पादन के नियमित “योग्य मतदाता छूटे नहीं और अयोग्य मतदाता जुड़े नहीं” के मूल मंत्र के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के उपरांत उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय द्वारा रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत छावनी परिषद उत्क्रमित मध्य विद्यालय नईसराय, कन्या प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रामगढ़ डॉक्टर मोहम्मद आबिद हुसैन, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी रामगढ़, गोला, पतरातु सहित अन्य उपस्थित थे।