– जिला फुटबॉल संघ ने उपाध्यक्ष तथा जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के निधन पर दी श्रद्धांजलि
गोड्डा: जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद सिंह के निधन पर सामाजिक, राजनीतिक हलकों के साथ ही खेल जगत भी शोकाकुल है। अपने विद्यार्थी जीवन में फुटबॉल के चर्चित खिलाड़ी रहे स्वर्गीय सिंह का फुटबॉल से जीवन पर्यंत लगाव रहा। अंतिम सांस लेने तक वह जिला फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रहे। उनके निधन पर जिला फुटबॉल संघ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
स्थानीय गांधी मैदान में जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जय किशोर ठाकुर की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें संघ उपाध्यक्ष सह वरीय अधिवक्ता देवेंद्र प्रसाद सिंह को भावभीनी श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। मौके पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर मोहम्मद शफीक आलम ने कहा कि वह बहुत ही अच्छे इंसान थे। साथ ही फुटबॉल खेल के प्रति बहुत ही समर्पित रहे। जफर इकबाल ने कहा कि वे जिंदा दिल इंसान थे। खेल की जागृति के लिए बहुत ही प्रयास करते थे।
असलम परवेज ने कहा कि वे खेलकूद में काफी सक्रिय रहे। खेल को आगे बढ़ाने में आर्थिक मदद भी करते थे। उनका निर्णय निष्पक्ष रहता था। विषम परिस्थिति में भी अपने निर्णय पर अडिग रहते थे। उनका आत्मबल बहुत ही मजबूत था। उनमें कोई छल कपट नहीं था।
अधिवक्ता अजीत सहाय ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन काल में विभिन्न पदों को सुशोभित किया और अच्छे से निर्वाह किया। स्वर्गीय सिंह अन्याय के खिलाफ हमेशा खड़े रहते थे। वे ऊपर से कठोर रहते थे लेकिन भीतर से उतना ही कोमल थे। तुरंत शांत हो जाते थे। शंभू राय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया करते थे।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव अबुल कलाम आजाद ने कहा कि देवेंद्र बाबू सदा हम लोगों के साथ रहे। उनके निधन से फुटबॉल संघ को बहुत ही क्षति पहुंची है। अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा कि उनके अच्छे गुणों को ग्रहण करना चाहिए एवं उनके बताए गए रास्तों पर चलना चाहिए। यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।