रामगोपाल जेना
चक्रधरपूर: चक्रधरपुर-टोकलो मुख्य मार्ग चार मोड़ के समीप तेज रफ्तार बस व ट्रैक्टर में सीधी भिड़ंत हो गई। जिससे बस चालक व एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक व यात्री को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक कुचाई प्रखंड के मारांगहातु गांव निवासी 39 वर्षीय सुखलाल सोय 13 नवंबर शनिवार की सुबह करीब 10 बजे टोकलो से यात्रियों को साथी बस में चढ़ा कर चक्रधरपुर की ओर आ रहा था। बस जब चार मोड़ चौक पहुंची तभी गोपीनाथपुर गांव निवासी 62 वर्षीय वृद्ध महिला प्रमिला महतो सोनूवा अपने रिश्तेदार घर जाने के लिए बस में चढ़ी।
इस दौरान बस कुछ ही दूर गई थी कि तभी विपरीत दिशा से एक ट्रैक्टर बालू लादकर टोकलो की और तेज रफ्तार से जा रही थी। इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चार मोड चौक के समीप साथी बस को सीधी टक्कर मार दी। जिससे बस चालक सुखलाल सोय व यात्री प्रमिला महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और बस खेत में गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेक्टर ड्राइवर घटनास्थल में ही ट्रैक्टर को छोड़कर फरार हो गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साथी बस के खलासी हादुर गांव निवासी पुकलु हादसा ने बताया कि बस में सवार दो वृद्ध महिला घायल है। एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जबकि जबकि दूसरी यात्री का इलाज गांव में ही चल रहा है। साथ ही चालक को भी अस्पताल में भर्ती किया गया है। खलासी ने बताया कि बनमालीपुर गांव निवासी महावीर नामक व्यक्ति का साथी बस टोकलो से चक्रधरपुर तक चलता है। जिसे चालक सुखलाल सोय चला रहा था और चार मोड़ के समीप दुर्घटना हो गई।
सूचना मिलते ही टोकलो थाना प्रभारी विल्सन गुड़िया दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायल व्यक्तियों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजवाया। जिसके बाद दोनों वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गए है।