उपायुक्त गुमला एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से सूचना भवन में संधारित जिला कोविड नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया
अनुपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मियों से स्पष्टिकरण पूछने का दिया निर्देश
गुमला: उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा एवं उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ ने संयुक्त रूप से आज सूचना भवन में संधारित जिला कोविड नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर पालीवार प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों/ कर्मियों से संपादित किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने रोस्टरवार पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जानकारी प्राप्त की। पाया गया कि द्वितीय पाली हेतु वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त सहायक योजना पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी एवं अनुसेवक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसपर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मियों से स्पष्टिकरण पूछने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया। उपायुक्त ने जिला कोविड नियंत्रण कक्ष में संधारित उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। उपस्थिति पंजी त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर उपायुक्त ने तीनों पालियों के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों के लिए अलग से उपस्थिति पंजी संधारित कर प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला कोविड नियंत्रण कक्ष गुमला में प्रतिनियुक्त कर्मियों से नियंत्रण कक्ष द्वारा अबतक कितने होम आईसोलेशन वाले मरीजों से संपर्क किया गया है, इसकी जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से निर्धारित पाली के अनुसार समय पर जिला कोविड नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहकर कार्यों को संपादित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने जिला कोविड नियंत्रण कक्ष गुमला में प्रत्येक पालीवार प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने का निर्देश दिया।
ज्ञातव्य है कि सूचना भवन में स्थित जिला नियंत्रण कक्ष में 24×7 के अनुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त कर्मी (ए) ग्रूप में प्रातः 06 बजे से अपराह्न 02 बजे तक, (बी) ग्रूप में अपराह्न 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा (सी) ग्रूप में रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक कार्यरत हैं। तीनों पालियों के लिए एक-एक वरीय पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला कोविड नियंत्रण कक्ष आने के दौरान कचहरी परिसर में न्यायालय में कार्यरत एक सिपाही बिना मास्क के पाए गए। इसपर उपायुक्त ने फटकार लगाते हुए उक्त सिपाही को मास्क का उपयोग करने तथा बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों में न जाने का निर्देश दिया।