गोड्डा: शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक जिला अध्यक्ष राजीव मेहता की अध्यक्षता में पथरगामा प्रखंड अंतर्गत मां योगिनी स्थल के विवाह भवन में संपन्न हुई। बैठक में स्थानीय विधायक अमित कुमार मंडल, महागामा के पूर्व विधायक अशोक कुमार, जिला प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा भी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से संगठन के कार्य एवं विस्तार तथा कोरोना महामारी काल में केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अमित मंडल ने कहा कि पार्टी एक परिवार है। परिवार के बीच हर तरह की चर्चा कर समाधान ढूंढने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी समाप्त होते ही प्रखंड वार कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना जाएगा एवं समाधान किया जाएगा। संगठन विस्तार में जहां भी कठिनाई हो रही है, उससे हम सबों को मिलकर समाधान करने की जरूरत है।
महागामा के पूर्व विधायक अशोक कुमार भगत ने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ताओं को हर दिन किसी न किसी परिवार से मिलने की जरूरत है। पार्टी के विचारधारा और सिद्धांत पर चर्चा होनी चाहिए। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें व्यक्ति विशेष को नहीं बल्कि कार्य क्षमता के आधार पर पद एवं सम्मान दिया जाता है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है। कार्यकर्ता ईमानदारी पूर्वक अपना काम करते रहें तो पार्टी और मजबूत होगी।
जिला अध्यक्ष राजीव मेहता ने कहा कि कुछ मंडलों में टीम का गठन नहीं हो पाया है। जल्द से जल्द मंडल अध्यक्ष टीम का गठन कर जिला को सूचना दें।
जिला प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि हम जिस पार्टी के कार्यकर्ता हैं, वह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री कृष्ण कन्हैया कर रहे थे। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने किया। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी बिमंत शाह एवं सह मीडिया प्रभारी लाल बहादुर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह जिला उपाध्यक्ष अनिता सोरेन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गोड्डा के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अजीत सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉली गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, जिला कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रियांशु राज, मंडल के अध्यक्ष आदि मौजूद थे।