अधिकारियों को दिए कई आवश्यक दिशा निर्देश
चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कमल जॉन लकड़ा एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को चतरा पहुंचे। सर्वप्रथम परिसदन में आयुक्त को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उसके बाद उप विकास आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने पुष्ट भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत आयुक्त परिसदन में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधि व्यवस्था की जानकारी लेने के साथ, खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति, कल्याण, छात्रवृत्ति एवं विद्यालय भवन निर्माण, कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारियां, खाद्य आपूर्ति राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, मनरेगा अन्तर्गत संचालीत योजनाओं की समीक्षा की। कृषि पदाधिकारी ने बताया कि 50 प्रतिशत अनुदान पर कृषकों को खाद बीज का वितरण किया जा रहा है। समूह को मिनी ट्रैक्टर देने की योजना है, जिसके तहत सब्सिडी पर ट्रैक्टर भी दिया जाना है। आयुक्त सभी कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए कृषकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित कराने की बात कही। वहीं प्रभारी चिकित्सक ने बताया कि चतरा, इटखोरी, टंडवा एवं हंटरगंज में पीएसए प्लांट अधिष्ठापन किया जा रहा है। प्लांट के अधिष्ठापन होने के पश्चात 1 हजार लीटर प्रति घंटा की छमता से ऑक्सिजन सप्लाई किया जाएगा। जिला कल्याण पदाधिकारी से छात्रों के खाते में छात्रवृत्ति भुगतान की पूर्ण जानकारी ली गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के तहत योग्य लाभुकों को ससमय राशन का वितरण किया जा रहा है। आदिम जनजाति परिवारों को डाकिया योजना के तहत राशन का वितरण किया जा रहा है और पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का ससमय निष्पादित कर राशन वितरण समेत अन्य कार्य किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने मनरेगा से संबंधित जानकारी आयुक्त को दिया। साथ ही दीदी बाड़ी योजना व आंगनबाड़ी निर्माण कार्य की स्थिति से अवगत कराया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी ने अनुमंडल स्तर पर दर्ज हुए मामलों का सम्पूर्ण आंकड़ा आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया। बैठक में मुख्य रूप से आयुक्त के सचिव, केके सिंह के अलावे जिले के सभी अधिकारी व पदाधिकारी आदि मौजूद थे।