कामिल की रिपोर्ट
गोड्डा: सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के लोगों ने अपने घरों में रहकर योगाभ्यास किया। बसंतराय प्रखंड की कोरियाना गांव की सुमन प्रिया, पिता प्रदीप शर्मा ने अपने आवास पर योगाभ्यास कर लोगों को इसके जरिए निरोग रहने का संदेश दिया।
सुमन योग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम पाना चाहती है। प्रखंड भाजपा के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की पुत्री सुमन प्रिया ने राज्य स्तर पर अनेकों मेडल जीते हैं। जिले में भी अनेकों बार उसे सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुमन प्रिया बताती हैं कि प्राचीन भारतीय संस्कृति की विरासत कही जाने वाली योग साधना को अंतरराष्ट्रीय पहचान 2014 में मिली और पूरी दुनिया में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।
वैसे तो सभी वर्ग एवं आयु के लोगों को योगाभ्यास करना चाहिए। उसके फायदे भी सभी जानते हैं। पर यदि युवा पीढ़ी एवं विशेष रुप से बच्चों को योग करने के लिए प्रेरित करते हैं तो स्वस्थ भारत का निर्माण करने में सक्षम हो पाएंगे। हमारी आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ होंगी।
योग को हम बीमारी से जोड़कर देखते हैं । केवल श्रद्धा और सम्मान भाव से नियमित रूप से योगाभ्यास करने वाले की बहुत कमी है।
योग से न केवल हमारा शरीर लचीला बनता है हड्डियां मजबूत होती है, बल्कि बीमारी दूर भागती है और हमारा मन, बुद्धि एवं व्यक्तित्व का समुचित विकास होता है। हम अधिक ऊर्जावान बने रहते है। पढ़ाई करने वाले बच्चों को तथा युवाओं को कम से कम 4 आसन वृक्षासन, ताड़ासन, त्रिकोणासन तथा भुजंगासन का नियमित अभ्यास करना चाहिए इससे न सिर्फ उनका इम्यूनिटी पावर बढ़ेगा और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ेगी। कोरोना काल में देखा गया की नियमित रूप से योगाभ्यास करने वाले लोगों को कम नुकसान पहुंचा है। इसीलिए एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा फर्ज बनता है कि हम अपनी प्राचीन विश्व विरासत को न सिर्फ याद रखें बल्कि उनको संभाले भी। और अंत में उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि योग के प्रचार प्रसार के लिए आगे आए और जन-जन तक इसको पहुंचाएं।