बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो: आज जिला प्रशासन द्वारा ज़िला नियंत्रण कक्ष में डॉ भीमराव अंबेडकर की 130वीं जयंती मनायी गई। उपायुक्त राजेश सिंह, उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अपर समाहर्ता सादात अनवर सहित जिले के अन्य पदाधिकारियों ने बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर नमन किया। कोरोना संकट को देखते हुए कार्यक्रम को संक्षिप्त रखा गया।
उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि बाबासाहेब का जीवन सदैव यथार्थ और सादगी पर चलता रहा। हमेशा बुराइयों के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखी। उन्होंने संविधान का निर्माण कर राष्ट्र को नई दिशा दी। हमारा खुद का संविधान मिला, जिससे हम सभी निष्पक्ष भाव से देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अपने विचार तथा कार्य से समाज के लिए एक दिशा प्रदान किया। डॉ आंबेडकर ने न्याय एवं समता आधारित समाज का निर्माण करने का सन्देश दिया।
साथ ही उन्होंने आमजनों से अपील किया कि बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के मार्ग का अनुसरण कर हमेशा आगे बढ़े। शिक्षा के लिए हरदम कदम-कदम पर अपने बच्चों के साथ तालमेल मिलाकर चलें, उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। भेदभाव ऊंचनीच से समाज कभी आगे नहीं बढ़ सकता, इसलिए सबसे ऊपर उठ मानवतावादी दृष्टिकोण अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सहयोगी बनें।
उप विकास आयुक्त जयकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारत में अनेक महापुरूषों ने जन्म लिया है, जिनमें डाॅ भीमराव अम्बेडकर का नाम महत्वपूर्ण है। बाबा साहेब एक महान विचारक और कर्मयोगी थे। देश के संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहेब आंबेडकर के आदर्शो को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर, पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन किया गया। इस दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए बारी-बारी से बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जयंती कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त चास, उप निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी त्रिभुवन सिंह, सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।