खेतों में गूंजने लगे हैं धान रोपनी के गीत
संवाददाता बरही
बरही (हजारीबाग) : बरही अनुमंडल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशहाली व खेतों में हरियाली ला दी है। इसके पूर्व अपेक्षित बारिश न होने से किसान थोड़े मायूस थे। लेकिन भरपूर बारिश बाद उत्साह साथ किसान खेतों में धान रोपनी करने जुड़ गए हैं। खेतों में जुताई एवं बुवाई जोर-शोर से जारी है। सुबह होते ही किसान हल बैल व ट्रैक्टर लेकर खेतों की ओर रवाना होने लगे हैं।वहीं खेतों में महिलाएं धान की रोपनी करने में जुट जा रही हैं। इस दौरान रोपनी कर रही महिलाओं के मुख से माई बेटी रोपनी, सिम्बी पतई के टीपनी… आदि धान रोपनी के गीत से गूंज रहा है। वहीं पुरुष किसान भी अपने खेत में धान की रोपनी होते देख खुशी के मारे सावन मास के झूमर आदि गीत गाने से गुरेज नहीं कर रहे हैं।प्रगतिशील किसानों की माने तो सप्ताह भर में धान रोपनी का कार्य पूरा हो जाएगा। किसानों ने बताया कि सावन महीना में झमाझम बारिश होना फसलों के अच्छी पैदावार के शुभ संकेत हैं। कहा कि जरूरत पड़ने पर अब जलाशयों से भी पटवन कार्य किया जा सकता है। जबकि खेतों में टमाटर, साग ,मकई तथा सब्जियों को नुकसान होने के आसार हैं।