बरही से बिपिन बिहारी पाण्डेय
बरही (हजारीबाग) : बरही थाना अंतर्गत बरसोत चौक पर एक बाइक (संख्या जेएच 12 जी 0336) व क्रेटा कार (संख्या जेएच 12 एल 9000) में भीषण टक्कर हुई। जिसमें बाइक पर सवार मलकोको पंचायत के चतरो ग्राम निवासी स्व. बंधन पासवान का 52 वर्षीय पुत्र रामेश्वर पासवान की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं उनके साथ बाइक पर सवार उनका दामाद जयनगर काको ग्राम निवासी राम मूरत पासवान का 32 वर्षीय पुत्र महादेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही साथ उक्त कार में सवार तिलैया कोडरमा निवासी भातू राम का 55 वर्षीय पुत्र जगदीश राम जी घायल हो गया। उक्त दोनों घायलों को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। बताया जाता है कि बाइक सवार ससुर दामाद बरसोत में बाजार करने आये थे। बाइक से बरसोत चौक की दूसरी दिशा जाने को सड़क पार कर ही रहे थे कि तिलैया से धनबाद जा रही उक्त कार के चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह, अंचल के पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार सिंह, एसआई घनश्याम कुमार, अरविंद मिश्रा दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं मौजूद ग्रामीणों के सहयोग से घायल महादेव कुमार पासवान व जगदीश राम को बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम : इधर घटना के कुछ देर बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल बरसोत चौक को करीब 2 घंटे तक जाम रखा। सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को सरकारी सहायता राशि का मांग कर रहे थे। साथ ही ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि यहां जीटी रोड़ 6 लाइन का निर्माण कार्य अब तक अधूरा है, कहीं भी ब्रेकर व संकेतिक बोर्ड भी नहीं है। ग्रामीणों का वीटी सड़क भी बेतरतीब ढंग से किया गया है। नाली का निर्माण अधूरा है। वहीं आरोप लगा रहे थे कि एनएचआई व निर्माण कंपनी के लापरवाही के कारण अक्सर यहां दुर्घटनाएं हो रही है। इसपर अविलंब पहल किया जाए। साथ ही बरसोत चौक पर फ्लाईओवर निर्माण का मांग किया गया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक पदाधिकारियों व संवेदक कंपनी राजकेसरी के पदाधिकारी कृष्ण मोहन शुक्ला के आश्वासन बाद जाम हटाया गया। उसके बाद मृतक के शव व दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा वाहन को अपने कब्जा में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घटना स्थल पर भाजपा वरिष्ठ नेता मोतीलाल चौधरी, अर्जुन साहू, भाजपा प्रदेश ओबीसी के प्रमंडलीय प्रभारी किशुन यादव, बरसोत मुखिया प्रतिनिधि बिष्णुधारी महतो, नीरज बक्सी आदि सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वार्ता कर जाम हटवाने में प्रशासन को मदद किया।