राज्य के श्रम मंत्री व विधायक हुए शामिल
मयूरहंड(चतरा)। सोमवार को जिले के मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत करमा देवी मंडप में आयोजित पांच दिवसीय भगवती प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में राज्य के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता व सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास शामिल थे। गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा देवी मंडप से प्रारंभ होकर बड़ाकर नदी मंझगांवा घाट पहुंची। जहां यज्ञाचार्य फनीद्र मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यजमान बंशी यादव व गीता देवी सहित सभी 1001 कलशधारियों के कलशों में जल भरवाया। इसके बाद पुनः विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस यज्ञ मंडप पहुंचकर कलशों को स्थापित किया गया। ज्ञात हो की 19 फरवरी की रात को एक विक्षिप्त युवक के द्वारा मंडप मे़ं रखे कलश व हनुमान की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। उसके बाद क्षतिग्रस्त मूर्ति को पुनः स्थापित करने के लिए यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष बिक्रम कुमार सिंह, अश्विनी कुमार सिंह, पूर्व मुखिया रामनाथ यादव, सेवा यादव, श्री यादव, मनोज यादव, राजो साव, बिनोद साव, सुनील यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।