खूंटी: खूंटी के एकल अभियान कार्यालय में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री स्व कल्याण सिंह और जनसंघ को खूंटी में स्थापित करनेवाले निष्ठावान कार्यकर्ता स्व शालीग्राम सिंह बड़ाइक को संघ परिवार ने श्रद्धांजली अर्पित की। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कल्याण सिंह के साथ संगठन के कार्य करने वाले पद्मभूषण कड़िया मुण्डा, डॉ समर सिंह, रौशन लाल शर्मा, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, भीम सिंह मुंडा, डॉ निर्मल सिंह विशेष तौर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम में जनसंघी भाजपा कार्यकर्ता और संघ परिवार के कई आयाम के कार्यकर्ताओं ने भारतमाता के चित्र के साथ खूँटी में आरएसएस और जनसंघ को खड़ा करनेवाले स्व शालीग्राम सिंह बड़ाईक के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। साथ ही बाबरी ढांचा गिराने के लिए गए क्षेत्र के लोगों को आज कड़िया मुण्डा ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद सिंह ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कड़िया मुण्डा ने कहा कि जब-जब श्रीराम मंदिर की बात होगी तब-तब कल्याण सिंह याद आएंगे। कल्याण सिंह किसानों के लिए निष्ठावान और बहुत ही जानकार और अनुभवी व्यक्तित्व के धनी थे।