पाकुड़ से मुकेश जायसवाल की रिपोर्ट
पाकुड़: पश्चिम बंगाल के मालदा विधानसभा समेत अन्य कई सीट पर चुनावी सभा को संबोधित करने जा रहे गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने पाकुड़ परिसदन में प्रेस वार्ता करते हुए झारखंड में खासकर संथाल परगना क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह एक गंभीर विषय है और इस पर राज्य सरकार को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह जो बंगलादेशी घुसपैठिए हैं यह बड़ा मुद्दा है और मैं इसे लगातार उठाते रहा हूं। उन्होंने कहा कि बंगलादेशी घुसपैठिए आदिवासी संस्कृति पर हमला कर रहे है।उन्होंने कहा कि यह जो बांग्लादेश से मुसलमान आ रहे हैं यह आदिवासी लड़कियों से विवाह रचाते हैं और यदि यही चलता रहा तो पांच सात साल में आदिवासी लड़के को आदिवासी लड़की विवाह के लिए नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी मुसलमान गांजा तस्करी ,गाय तस्करी ,स्मगलिंग के पैसे के बल पर आदिवासी लड़कियों को प्रेम के जाल में बहला-फुसलाकर विवाह कर यहां बस रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे यहां बस कर आदिवासी रीति रिवाज पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी मुसलमान से यदि आदिवासी महिला शादी करती है तो यह उनका धर्म परिवर्तन हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर विषय है और मैं इसे संसद में भी उठाऊंगा और भाजपा प्रदेश नेतृत्व से भी यह आह्वान करूंगा कि इस मुद्दे को लेकर जल्द आंदोलन की रणनीति बनाएं। वहीं सांसद निशिकांत दुबे ने कोविड-19 के खतरे के बाबत अपनी राय रखते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री हमारे अभिभावक है और उनके कुशल नेतृत्व में देशभर में अच्छा कार्य हो रहा है। केंद्र सरकार राज्य को भरपूर मदद कर रही है चाहे वह ऑक्सीजन का मामला हो या फिर दवा का मामला हो केंद्र सरकार राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रभावी बनाने की जरूरत है उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है बल्कि सभी लोगों को एकजुट होकर कोविड-19 से मुकाबला करने का है। वहीं पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है और भाजपा अच्छी स्थिति में है। वही प्रेस वार्ता के दौरान मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष बलराम दुबे ,जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अमृत पांडे ,मीरा प्रवीण सिंह, असीम मंडल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।