गोड्डा:पोड़ैयाहाट प्रखंड के ग्राम जामबाद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना (तेलहन) के अंतर्गत खरीफ 2021 में प्रत्यक्षण हेतु शत-प्रतिशत अनुदान पर किसानों को मूंगफली बीज ( प्रभेद- धरनी) का वितरण प्रखंड विकास पदाधिकारी पोड़ैयाहाट महेश्वरी यादव की उपस्थिति में बुधवार को किया गया।
गोड्डा के अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज के निर्देशानुसार संकुल का चयन पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुशंसित कृषकों को बीज उपलब्ध कराया गया। वितरण कार्यक्रम में उपस्थित उप परियोजना निदेशक आत्मा राकेश कुमार सिंह द्वारा उपस्थित कृषकों को तकनीकी जानकारी दी गई एवं आधुनिक तकनीक से खेती हेतु प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने बताया कि आप सभी अपने आसपास के किसानों को भी आधुनिक खेती हेतु प्रेरित करें ताकि तेलहन फसल उत्पादन में आशातीत वृद्धि हो सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोड़ैयाहाट श्री यादव ने कहा कि सभी किसान अपने अपने खेतों में तेलहन का फसल लगाएं। लगाए गए फसलों का दो माह के बाद निरीक्षण भी किया जाएगा। पोड़ैयाहाट प्रखंड में खरीफ प्रत्यक्षण हेतु राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के अंतर्गत मक्का (बायो-9544) 2 क्विंटल, अरहर (आईपीए-203) 2.4 क्विंटल, मूंगफली (धरनी) 6 क्विंटल एवं धान बीज (आईआर-64) 4.8 क्विंटल का वितरण किया जा रहा है।
मौके पर पोड़ैयाहाट विधायक प्रतिनिधि बोलबम मंडल, प्रगतिशील कृषक गंगाधर मंडल, मनोज हांसदा, सज्जाद अंसारी, होपना मुर्मू, पवन कुमार मंडल, चैतन्य मरांडी, बबीता देवी, माला देवी सहित दर्जनों किसान मौजूद थे।