– अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय शक्ति मंच द्वारा आयोजित किया गया महिला सम्मेलन
अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को राष्ट्रीय शक्ति मंच द्वारा महिला सम्मेलन का आयोजन जिला मुख्यालय के गोढ़ी भवन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधीक्षक फूलमणि खलखो, नगर परिषद की उपाध्यक्ष वेणु चौबे, राष्ट्रीय शक्ति मंच की अध्यक्ष ममता देवी, स्वामी विवेकानंद अनाथ आश्रम की संचालिका वंदना दुबे, सुजाता देवी, नगर परिषद की वार्ड पार्षद कमली मुर्मू एवं पिंकी देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
महिला सम्मेलन को विशिष्ट अतिथि की हैसियत से संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अंजलि यादव ने कहा कि आज समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों के कंधा से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कार्यक्रम चला रही है। हमें अपने अधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
मौके पर गोड्डा कॉलेज की राजनीति शास्त्र विभाग की प्राध्यापक इंदिरा तिवारी ने कहा कि महिलाएं देश विदेश में सफलता का परचम लहरा रहीं हैं। कई स्थानों पर पुरुषों से भी ज्यादा कीर्तिमान महिलाएं स्थापित कर रही हैं।
नगर परिषद की उपाध्यक्ष वेणु चौबे ने मांग की कि लोकसभा एवं विधानसभा में भी महिलाओं को 50 फ़ीसदी आरक्षण मिलना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शक्ति मंच की अध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करती रहती हूं। जब तक नारी का उत्थान नहीं होगा, तब तक देश का उत्थान संभव नहीं है। सम्मेलन को स्वामी विवेकानंद अनाथ आश्रम की संचालिका वंदना दुबे, सुजाता देवी, रीना ठाकुर, अधिवक्ता रीना डे, अर्चना देवी, जिला परिषद की पूर्व सदस्य बेला बसंत बेसरा, सौम्या शांडिल्य, अनीता देवी, चेतना विकास, देवघर की रानी दीदी आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का समापन नगर परिषद की उपाध्यक्ष वेणु चौबे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मौके पर बीच-बीच में नुक्कड़ नाटक, संथाली नृत्य एवं नागपुरी नृत्य आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चलता रहा।