– तिरंगे में लिपटा शव गांव पहुंचते ही परिवार जनों के चीत्कार से गम में डूबा इलाका
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: पूर्वी सिंहभूम जिला में नक्सलियों के लैंडमाइंस विस्फोट में शहीद हुए झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप ) के जवान देवेंद्र कुमार पंडित को शुक्रवार को हजारों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। तिरंगे में लिपटा शहीद का शव वैन से बोआरीजोर प्रखंड का धानाबिंडी गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पत्नी, मां एवं परिजनों की चीत्कार से शोकाकुल माहौल के बीच नम आंखों से गांव के युवा देवेंद्र पंडित अमर रहे, वंदे मातरम के नारे लगा रहे थे। गांव के पास स्थित सुंदर डैम के किनारे जांबाज सहित पंचतत्व में विलीन हो गए।
रांची से सड़क मार्ग से शहीद जवान का शव जिला मुख्यालय होते हुए उनके पैतृक गांव लाया गया। वैन के आगे आगे धानाबिंडी एवं आसपास के गांव के युवा बाइक पर देवेंद्र महतो अमर रहे के नारे लगाते हुए चल रहे थे। वाहन गांव पहुंचते ही उनके साथ आए पुलिस के जवानों ने कंधा देकर शव को उतारकर घर के पास बने पंडाल में अंतिम दर्शन के लिए रखा। शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए गांव में सैलाब उमड़ पड़ा था।
जिला मुख्यालय से उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने भी गांव पहुंचकर शहीद जवान को पुष्प अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद जवान का अंतिम संस्कार किया गया।