– विधायक ने धान बीज क्रय केंद्र का किया उद्घाटन
– किसानों को दी सलाह, बिचौलियों से बचें और पैक्स से धान बीज की खरीदारी करें
जावेद अख्तर की रिपोर्ट
हनवारा : शनिवार को महागामा अनुमंडल अंतर्गत कुशमहरा पैक्स (धान बीज केंद्र) का उद्घाटन महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने विधिवत फीता काटकर किया। इस मौके पर मुख्य रूप से विधायक के अलावा महागामा पश्चिमी जिला परिषद बीबी नगमा आरा, कांग्रेस के जिला महासचिव फिरोज अख्तर और शाहजहां मौजूद थे।
इस दौरान विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इस बार किसानों को बिचौलिया के हाथ में नहीं फंसना है। रजिस्ट्रेशन समय सीमा के अंदर कराएं और सुगमता से धान बीज की खरीदारी करें। विधायक ने उपस्थित किसानों एवं आम लोगों को नियमपूर्वक धान का बीज खरीदने की सलाह दी। कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर स्वयं उनके मोबाइल पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने कहा कि किसान भाई धान का बीज पैक्स केंद्र से ही खरीदें। पैक्स केंद्र से एक बोरी धान बीज का मूल्य महज 540 रुपये ही पड़ेगा। विधायक श्रीमती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अगुवाई वाली झारखंड सरकार किसानों का विशेष ख्याल रख रही है। सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के द्वारा रोहिणी नक्षत्र से पहले धान बीज का विक्रय केंद्र चलाये जाने से सूबे के तमाम किसानों को काफी सुविधा मिल रही है।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा किसानों को कोई अहमियत नही दी जाती थी। जिससे किसानों को फसल उगाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन इस बार हेमंत सोरेन की सरकार ने सबसे आगे किसानों को रखा है। किसान धरती के अन्नदाता हैं। लेकिन विपक्ष द्वारा बिना कोई मतलब के विरोध जताया करते है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के अगुवाई वाली इस सरकार में सभी को बराबर का मान्यता दिया जाता है। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता शाहजहां आलम, शोएब अख्तर, पैक्स अध्यक्ष मो हन्नान,नावेद आलम एवं नौशेरवान आदिल सहित दर्जनों किसान उपस्थित थे।