गोड्डा: टोक्यो ओलंपिक के लिए इंडियन हॉकी टीम में शामिल होकर सूबे का मान बढ़ाने वाली निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के सम्मान में शुक्रवार को हॉकी झारखण्ड के द्वारा ऑनलाइन चीयर अप ज़ूम मीटिंग का आयोजन हुआ। हॉकी झारखण्ड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह की अध्यक्षता में आहूत उक्त ऑनलाइन प्रोग्राम से हॉकी झारखण्ड के महासचिव विजय शंकर सिंह, सीईओ रजनीश कुमार व झारखण्ड की शान निक्की-सलीमा सहित सभी 24 जिला से बड़ी संख्या में हॉकी और कुश्ती से जुड़े पदाधिकारी एवं खिलाड़ी निक्की- सलीमा के अभिनंदन और उत्साह वर्धन के लिए हाथों में स्लोगन वाली तख्ती और तिरंगा लिए जुड़े। उक्त आशय की जानकारी देते हुए हॉकी गोड्डा के सचिव सुरजीत झा ने बताया कि कार्यक्रम में गोड्डा से उनके साथ जुड़े हॉकी गोड्डा के संरक्षक अमित राय, अध्यक्ष मनोज कुमार पप्पु, उपाध्यक्ष आशुतोष झा, अखिल झा एवं विपिन चन्द्र दुबे, सँयुक्त सचिव मिथिलेश कुमार एवं सुभाषचंद्र दास, वरीय सदस्य ऋषितोष झा, पंकज यादव, काव्य श्री एवं नीतीश आनंद ने निक्की और सलीमा के चयन को हॉकी झारखण्ड के लिए मील का पत्थर बताते हुए टोक्यो में इनके स्वर्णिम प्रदर्शन की कामना की।
इसके अलावा हॉकी गोड्डा के तत्वावधान में स्थानीय गुरुकुल डांस एकेडमी के बच्चों ने एकेडमी की निदेशिका आरती सिंह एवं सहयोगी कोरियो आकाश द्वारा ए.आर.रहमान एवं अनन्या बिड़ला द्वारा कम्पोज किये गए व सोशल मीडिया में छाए टीम इंडिया चियरिंग सॉन्ग वीडियो “हिंदुस्तानी वे” का शानदार और आकर्षक रिकोरियोग्राफ द्वारा निक्की-सलीमा के साथ-साथ हॉकी झाएखण्ड के अध्यक्ष श्री सिंह एवं टीम इंडिया का अभिनंदन किया।
इसके पूर्व भी हॉकी गोड्डा द्वारा निक्की-सलीमा सहित टीम इंडिया में शामिल सभी खेलों के खिलाड़ियों के लिए सिग्नेचर एंड सेल्फी अभियान चलाया गया था।